-नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। बिछौर थाना क्षेत्र के डूडौली गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रमजान की शिकायत पर पुलिस ने नौ आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार नौ फरवरी की शाम पड़ोसी असलम जबरन उसके प्लॉट की ओर लेटरिंग पाइप व जंगला लगाने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने हमला कर दिया। आरोप है कि असलम, जुबैर, मुनफेद, जमशेद, सलमान, वरिसा, मुनफिदा, नसरी और साइबा ने पहले गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लाठी-डंडों, सरियों और पत्थरों से लैस होकर आरोपित पीड़ित के घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में परिवार के दो नाबालिग बच्चे भी घायल हो गए।
पीड़ित ने बताया कि घायल बच्चों में से एक की 17 फरवरी को एसएसबी की फिजिकल परीक्षा थी, लेकिन चोट लगने के कारण वह परीक्षा में शामिल नहीं हो सका। मारपीट में परिवार के कई सदस्यों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपितों पर घर में तोड़फोड़ करने और जाते समय घरेलू सामान उठा ले जाने का भी आरोप है। घटना के दौरान पीड़ित पक्ष ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इस संबंध में जांच अधिकारी इंदरजीत ने बताया कि शिकायत के आधार पर बिछौर थाना में सभी नौ आरोपितों के विरुद्ध मारपीट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।