फरीदाबाद। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले की ग्राम पंचायतों में 19 नवंबर से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमामय भविष्य’ नाम से चलने वाला यह अभियान 10 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान गांवों में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की स्थिति का आकलन करने के साथ उनकी मरम्मत, रखरखाव और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायतें अपने यहां स्वच्छता व्यवस्था का स्वयं आकलन करेंगी। जिन सामुदायिक स्वच्छता परिसरों में मरम्मत या रखरखाव की जरूरत है, वहां संबंधित कार्य कराए जाएंगे। परिसरों को साफ-सुथरा रखने के साथ उनके सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया जाएगा।