-मनरेगा जॉब कार्ड घोटाले का आरोप, ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह जिले के पिनगवां कस्बे में मनरेगा योजना के तहत कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सरपंच ललिता, उनके पति मनोज कुमार और ससुर पर फर्जी जॉब कार्ड बनाकर सरकारी राशि निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने लघु सचिवालय पहुंचकर जिला उपायुक्त को शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता सोनू पुत्र हरिचरण का आरोप है कि उसकी जानकारी के बिना उसके नाम से मनरेगा का जॉब कार्ड तैयार किया गया। इसके बाद इंडियन पोस्ट बैंक में कथित रूप से फर्जी खाता खुलवाकर सरकारी धनराशि निकाल ली गई। सोनू को मामले की जानकारी तब हुई, जब उसने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने नाम से भुगतान दर्ज देखा। विरोध करने पर उसे कथित तौर पर धमकाया भी गया। ग्रामीणों का दावा है कि सीएम फ्लाइंग की जांच के बाद पिनगवां थाने में सरपंच, उनके पति और ससुर के खिलाफ भ्रष्टाचार समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ग्रामीणों ने हड़पी गई राशि की वसूली और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई है। विवाद के बीच राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिनगवां के प्रधानाचार्य पर भी लापरवाही और राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पंचायत समिति सदस्य प्रवीण ने कहा कि यदि गरीबों के हक में गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।