नूंह। पंचायत फंड का उपयोग निजी फायदे के लिए करने तथा सरकारी राशि के गबन के आरोप में रोजका मेव थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत रोजका मेव की पूर्व कार्यवाहक सरपंच, कार्यवाहक सरपंच के पति व ग्राम सचिव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत रोजका मेव के वर्तमान सरपंच की शिकायत पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें उन्होंने बताया कि वह ग्राम पंचायत रोजका मेव के हाल ही में हुए पंचायत उप-चुनाव 2025 में सरपंच निर्वाचित हुआ। ग्राम पंचायत रोजका मेव के पंच साहिद व पंच जुबैर पूर्व में रही कार्यवाहक सरपंच नाहिदा के खिलाफ पंचायत के पैसों का अपनी निजी फायदे के लिए सरकारी राशि का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार करने के बारे में आयुक्त एवं सचिव विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा को 15 जनवरी 2025 को शिकायत लगाई थी। जांच के बाद उन्होंने उपायुक्त नूंह को भेजी अपनी रिपोर्ट में कहा कि नाहिदा कार्यवाहक सरपंच व नफे सिंह ग्राम सचिव, नाहिदा के पति पपीज तथा नाहिदा के जेठ अर्जुन खान द्वारा नाहिदा के पद का दुरुपयोग करते हुए अपने निजी फायदे के लिए पंचायत की राशि का गबन किया। एएसपी आयुष यादव ने बताया कि सरपंच की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद