संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना सेक्टर 8 क्षेत्र में स्टील व्यापारी से पंचकूला में रहने वाले एक व्यक्ति ने उधार माल लेकर एक करोड़ 58 लाख की ठगी कर ली। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में टीम जांच कर रही है।
मथुरा रोड स्थित नॉर्दर्न इंडिया कॉम्प्लेक्स निवासी राजेश अग्रवाल ने बताया कि उनका स्टील का कारोबार है। पिछले साल जनवरी में पंचकूला की एक फर्म का प्रोपराइटर संजय कोहली उनके संपर्क में आया। आरोपी ने क्रेडिट में सामान लेने की बात की। जिस पर वह उनकी बातों में आ गया और उन्हें पिग आयरन वगैरा आदि सप्लाई करना शुरू कर दिया। आरोपी ने उनसे एक करोड़ 58 लाख 34 हजार 931 रुपये का समान उधार ले लिया। अब वह भुगतान नहीं कर रहा। अब आरोपी ने अपना फोन भी बंद कर लिया है। जब वह उसके पंचकूला स्थित बताए गए पते पर पहुंचा, तो वह दुकान भी बंद मिली। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।