-जलभराव व कीचड़ से होकर निकलने पर मजबूर हैं 70 परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नूंह जिले के खंड के गांव राजाका में करीब 70 घरों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले लगभग आठ वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ा है। निचले मोहल्ले में पीडब्ल्यू रोड से याहया के घर तक करीब 200 मीटर लंबा यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ और गंदगी से भरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। रास्ते में कीचड़ जमा होने के कारण पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है। महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस तक इस रास्ते से नहीं गुजर पाती, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। स्थानीय निवासी युसूफ, आरिफ, अखिल और साहिल ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत देकर अवगत कराया, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है और प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग की मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि यह रास्ता गांव के निचले मोहल्ले के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है और इसकी अनदेखी से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। वहीं गांव के सरपंच शाहरुख ने बताया कि रास्ते की मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग को पत्र लिखा जा चुका है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कार्य के लिए स्वीकृति मिल जाएगी, आगामी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। ग्रामीण अब प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।