फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के सारे रिकॉर्ड शनिवार को टूट गए। जिले में 24 घंटे के अंदर 987 मामले मिले व चार संक्रमितों की मौत की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की है। इस दौरान 404 संक्रमित स्वस्थ हुए। बीते 15 माह में ऐसा पहली बार है जब जिले में संक्रमितों की इतनी बड़ी संख्या सामने आई हो। अब तक जिले में 436 संक्रमितों की मौत सरकारी आंकड़ों में दर्ज हुई है।
जांच में सौ सैंपल पर 9 लोग संक्रमित मिल रहे हैं। मौजूदा समय में जिले में 156 संक्रमित ऑक्सीजन स्पोर्ट पर हैं। वहीं, 23 वेंटिलेटर पर उपचाराधीन हैं। जिले में सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 4652 हो गई है। इसमें से 616 अस्पतालों में भर्ती हैं। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि बीते 24 घँटों में 3570 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 2875 की रिपोर्ट लंबित है। बीते 24 घंटों में 3247 लोगों ने टीकाकरण कराया। इसके लिए जिले सरकारी निजी अस्पतालों में 43 सेशन लगाए गए।