अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-86 स्थित ओमेक्स सोसाइटी में तैनात सुरक्षा कर्मी से साइबर ठगों ने जानकार बनकर 94 हजार रुपये ठग लिए। साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा कर्मी ओम प्रकाश ने बताया है कि वह हरीनगर सुरक्षाकर्मी के तौर पर तैनात हैं। 20 मार्च को एक अनजान नंबर से उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को उनका कोई जानकार बताया। आरोपी ने कहा कि उसके पास कोई पैसा भेजने वाला है। लेकिन उसका बैंक खाता बंद है। ऐसे में एक व्यक्ति उनके बैंक खाते में पैसे भेजेगा, जिसे वह यूपीआई के माध्यम से वापस उसके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दे। इसके बाद आरोपी ने पैसे भेजने के कई मैसेज भेजे। उन्होंने आरोपी के बैंक खाते में करीब 94 हजार रुपये भेज दिए। जब उन्होंने अपने खाते में बैलेंस चेक किया तो उनके खाते में पैसे नहीं आए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।