संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने बिना परमिट के चल रही तीन निजी बसों के 92 हजार रुपये के चालान किए। यह सभी बसें बिना अनुमति के रूट पर चल रही थी। इसको लेकर लगातार मिल रही शिकायत के बाद कार्रवाई की गई है।
सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को शिकायत मिली कि बदरपुर बॉर्डर व बल्लभगढ़ बस अड्डा से काफी निजी बसें बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से चल रही हैं। इससे सरकार के राजस्व को हानि हो रही है। सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और आरटीए फरीदाबाद स्टाफ ने बदरपुर बॉर्डर व बल्लभगढ़ बस अड्डा से मथुरा आगरा की तरफ सवारी ढोने वाली निजी बसों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान मथुरा आगरा (उत्तर प्रदेश) की तरफ सवारी बैठाकर ले जाने वाली तीन बसों को चेक किया गया। चालक व परिचालक को मथुरा आगरा की आवाज लगाते हुए सवारियां बिठाते हुए मिले। तीनों बस बिना वैध परमिट के चल रही थी। जिस पर आरटीए की ओर से ऑनलाइन 92 हजार रुपये का चालान किया गया।