- आरोपियों ने अलग-अलग बहाने से की ठगी
- साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 9 लोगों से 28.21 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में एक युवती भी शामिल है। आरोपियों ने शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफा, ऑनलाइन सामान बेचने, ट्रैफिक चालान का फर्जी लिंक भेजकर व परिचित बनकर ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में बल्लभगढ़ निवासी युधवीर सिंह ने बताया कि 22 से 29 अप्रैल के दौरान ठगों ने शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 16.55 लाख रुपये निवेश करा लिए। बाद में आरोपियों ने रिफंड नहीं दिया। दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में छांयसा निवासी सचिन ने बताया कि 14 सितंबर को ठगों ने मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर 10 हजार रुपये ठग लिए। तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में तिगांव निवासी युवती ने बताया कि 11 से 23 अक्तूबर के दौरान साइबर ठगों ने झांसे में लेकर कहा कि वो महंगे गिफ्ट भेज रहा है। फिर कस्टम विभाग की टीम ने पार्सल पकड़ लिया है और उसे छुड़ाने के नाम पर 8,37,400 रुपये ठग लिए।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को दी शिकायत में खेड़ी कला निवासी मनोज कुमार ने बताया कि 23 सितंबर को ठगों ने ट्रैफिक चालान की एपीके फाइल भेजी। फाइल खोली तो खाते से 1 लाख रुपये कट गए। पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को दी शिकायत में नहर पार निवासी अकलीम ने बताया कि 8 अक्तूबर को साइबर ठगों ने एक्सिडेंट का बहाना बनाकर संपर्क किया। फिर मोबाइल पर लिंक भेजकर 29,020 रुपये ठग लिए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को दी शिकायत में धीरज नगर निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि 17 अक्तूबर को ठगों ने बेटी को मैसेज कर कहा कि तुम्हारे पापा का एक्सिडेंट हो गया है। आरोपियों ने इस तरह 28 हजार रुपये ठग लिए। सातवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को दी शिकायत में बल्लभगढ़ निवासी सुभाष ने बताया कि 17 व 18 सितंबर को ठगों ने ऑनलाइन मोटर बेचने के नाम पर 73 हजार रुपये एडवांस पेमेंट करा ली। बाद में न तो मोटर मिली और न ही रिफंड।
आठवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को दी शिकायत में राजीव कॉलोनी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि 11 अक्तूबर को ठगों ने परिचित बनकर जरूरत के नाम पर 30 हजार रुपये ठग लिए। नौवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को दी शिकायत में गाजीपुर निवासी गौरी शंकर ने बताया कि 10 जुलाई को ठगों ने बैंक खाते से 59,500 रुपये ट्रांसफर कर लिए।