फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को 34 सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण की सुविधा दी गई। इस दौरान 8856 लोगों ने टीकाकरण कराया। शुक्रवार देर रात से सुबह तक हुई बारिश से भी लोग टीकाकरण केंद्र पर पहुंचने से गुरेज करते दिखे। शहर में जगह-जगह जलभराव रहा। इससे यातायात व जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं, बीके नागरिक अस्पताल में महज 60 से 70 महिलाएं ही टीकाकरण के लिए पहुंची। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को सभी केंद्रों पर टीकाकरण बंद रखा है।
शनिवार को 35 सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण की सुविधा रखी गई। इसमें बीके नागरिक अस्पताल में महिलाओं को अलग केंद्र पर टीकाकरण की सुविधा दी गई। शनिवार अलसुबह तक हुई मूसलाधार बारिश से शहर में जलभराव की समस्या देखने को मिलेगी। ऐसे में महिलाएं टीकाकरण के लिए नहीं आई। वहीं, पुरुष हर दिन की तरह टीकाकरण केंद्र के बाहर लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सेक्टर-31 से बीके नागरिक अस्पताल में टीकाकरण के लिए पहुंची मंजू देवी ने बताया कि वह पहली बार टीकाकरण के लिए आई थी। महज एक घंटे में ही उसने टीकाकरण करा लिया, जबकि पति के टीकाकरण के लिए केंद्र पर पुरुषों की लंबी लाइन थी इस कारण वह कई घंटे इंतजार करने को मजबूर रही। इसी तरह सेक्टर-23 से टीकाकरण केंद्र पर पहुंची पूनम देवी ने बताया कि वह दूसरी बार टीकाकरण के लिए आई थी। पहले उसे घंटों इंताजर के बाद भी टीकाकरण की सुविधा नहीं मिली थी। उस समय पुरुष-महिला एक ही लाइन में लगे थे।
शनिवार को महज 20 मिनट में उसे टीका लग गया। टीकाकरण से लेकर कोरोना जांच केंद्र तक महज 15 महिलाएं उसे मिली। ऐसे में उसे महिला केंद्र पर बिना इंतजार टीकाकरण की सुविधा मिली।
कल से ऑनलाइन पंजीकरण के बाद लगेगी दूसरी डोज
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की परेशानी कम करने के लिए दूसरे डोज का टीकाकरण वालों को ऑनलाइन पंजीकरण की सलाह दी है। इससे उन्हें बिना लाइन में लगे सीधे टीकाकरण की सुविधा हर केंद्र पर दी जाएगी। हालांकि यह प्लान सोमवार से लागू किया जाएगा। रविवार शाम पांच से छह बजे के दौरान टीकाकरण पोर्टल पर पंजीकरण का मौका होगा। दूसरी डोज वालों को प्राथमिकता मिले, इसके लिए यह तरीका निकाला गया है। डॉ. श्योकंद ने बताया कि कई लोगों के पास सर्टिफिकेट नहीं पहुंचने की शिकायत आ रही है। स्लॉट बुकिंग से स्वास्थ्यकर्मियों को बाद में पंजीकरण के झंझट से छुटकारा मिलेगा वहीं लोगों को भी तुरंत सर्टिफिकेट मिलेगा।