दिल्ली-एनसीआर के 2164 छात्रों ने दिया था साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नचौली स्थित निजी विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले में 872 युवाओं को रोजगार मिला। इसमें दिल्ली-एनसीआर की विभिन्न यूनिवर्सिटी से 2164 छात्र इंटरव्यू देने पहुंचे। इस अवसर पर विभिन्न सेक्टरों आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, हेल्थकेयर, रिटेल और मार्केटिंग की कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने उम्मीदवारों का चयन किया।
कार्यक्रम के दौरान चयन प्रक्रिया में ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन और स्किल टेस्ट का आयोजन हुआ। युवाओं ने पूरे आत्मविश्वास और तैयारी के साथ भाग लिया। चयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में पहुंचे भारत सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. पिचेश्वर गड्डे और वाइस चांसलर मेजर जनरल डॉ. योगेश चौधरी ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जॉब फेयर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।