गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर से शहर में घुसे 80 मजदूर
फरीदाबाद में लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवा रही पुलिस के दावों की मंगलवार को पोल खुल गई। पुलिस की नाकाबंदी को धत्ता बता सूरजकुंड के रास्ते फरीदाबाद में 80 मजदूर दाखिल हुए। इस दौरान पुलिस के ड्रोन ने भी आंखें मूंद ली और पुलिस को दिल्ली से मध्यप्रदेश जाने के लिए निकले करीब 80 प्रवासी मजदूरों के बारे में भनक तक नहीं लगी। पुलिस को सूचना मिलते ही आनन-फानन में मजदूरों को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ओल्ड फरीदाबाद चौक पर रोका गया। पुलिस सभी को रोडवेज की बस में बैठाकर वापस मैदानगढ़ी, दिल्ली छोड़ आई। फरीदाबाद पुलिस दावा कर रही है कि सभी मजदूर सूरजकुंड के जंगल के रास्ते शहर में दाखिल हुए हैं। हालांकि मजदूरों ने बताया कि वह दिल्ली के संगम विहार-प्रह्लादपुर बॉर्डर से फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र में खोरी गांव के समीप प्रवेश किया। इसके बाद चार्मवुड विलेज से सूरजकुंड रोड होते हुए राजमार्ग पर पहुंचे। वहीं गुरुग्राम से आने वाले भी बड़खल होकर शहर में दाखिल हुए। इन रास्तों में चार-पांच पुलिस नाके व पुलिस आयुक्त का कार्यालय भी है, जहां से गुजर कर मजदूर राजमार्ग पर ओल्ड फरीदाबाद चौक पहुंचे थे। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सभी को रोडवेज की बस में बैठाकर वापस मैदानगढ़ी भेज दिया गया।
------
कहां गया ड्रोन
जिला पुलिस रोजाना शहर के विभिन्न हिस्सों में ड्रोन उड़ाकर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने का दावा कर रही है। पता नहीं मंगलवार को ड्रेेन कहां था, जो इन प्रवासी मजदूरों को देख नहीं पाया। जंगल से आने के बाद सभी रोड पर आए और सूरजकुंड रोड से 12 से 15 किलोमीटर चलकर राजमार्ग स्थित ओल्ड चौक पर पहुंचे, इस दौरान पर पुलिस ने इन्हें कहीं नहीं रोका।