सैनिक कॉलोनी में पानी और दयालबाग में अवैध निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से कुल 80 शिकायतें प्राप्त हुईं। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस शिविर में निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बरसात से पहले शहर के सभी नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने सूरजकुंड स्थित चार्मवुड विलेज के पास निकलने वाले नाले से अवैध कब्जे हटाने के भी निर्देश दिए। शिविर में सैनिक कॉलोनी जे-ब्लॉक से पानी की किल्लत, वार्ड-8 जवाहर कॉलोनी की गलियों में जलभराव और दयालबाग में नियमों के विरुद्ध चार मंजिला से ऊंची इमारतों के निर्माण की शिकायतें दर्ज की गईं।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन सुविधाओं से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं का तुरंत मौके पर ही निपटारा किया जाए। शिविर के दौरान बड़खल विधानसभा क्षेत्र से अवैध निर्माण और एनआईटी क्षेत्र से पीने के पानी की कमी के मामले भी प्रमुखता से सामने आए। निगमायुक्त ने अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों को दुरुस्त करने को कहा।
शिविर में अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा और संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहे, जबकि अन्य विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। निगमायुक्त ने प्रॉपर्टी आईडी, सड़क, सीवर और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा और शहर की समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा सकेगा।