119 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 2 लाख 7 हजार 409 रुपये किए रिफंड
48874 रुपयों को बैंक खातों में कराया सीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस के साइबर थाना की टीमों ने एक सप्ताह में 8 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 19 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार, पार्थ कुमार, राज वर्मा, अभिषेक, अंकित, वरुण, शंकु चुटेला और शोएब खान का नाम शामिल है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश आदि स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। साइबर थानों की टीमों ने 5 मुकदमों को सुलझाते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें साइबर थाना सेंट्रल के 3 और साइबर थाना बल्लभगढ़ के 2 मामले शामिल हैं। आरोपियों से मुकदमों में 19 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही 119 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 2 लाख 7 हजार 409 रुपये रिफंड कराए गए हैं तथा 48 हजार 874 रुपये बैंक खातों में सीज करवाए गए हैं।
-
विभिन्र प्रकार का लालच देते हैं साइबर ठग
आजकल के आधुनिक व तकनीकी दौर में लोगों को अलग-अलग तरह से ऑनलाइन सुविधाएं मिल रही हैं। जिसके माध्यम से लोग अपने ज्यादातर काम कर रहे हैं। साइबर अपराधी भी इसका फायदा उठा कर लोगों को साइबर अपराध का शिकार बनाते हैं। साइबर ठगी के लिए साइबर अपराधी लोगों को विभिन्न प्रकार से लालच देते हैं, जिनमें से कुछ बड़े प्रकार टेलीग्राम टास्क फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, कस्टमर केयर अधिकारी बनकर फ्रॉड, लोन फ्रॉड, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करके, लोगों के खाते में बहाने से पैसे डलवाने का लालच देना, बैंक अधिकारी बनकर ओटीपी प्राप्त करना तथा कस्टम व पुलिस अधिकारी बनकर गिरफ्तारी का भय दिखाकर ठगी करना प्रमुख है।