सड़क हादसे में युवक की मौत
फरीदाबाद। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर शुक्रवार शाम अनखीर चौकी के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराती हुई दूसरी गुरुग्राम की तरफ से आ रही एक कार से जा टकराई। इससे गुरुग्राम की तरफ से आ रही कार में सवार एक मल्टीनेशनल कंपनी में कंपनी सेक्रेट्री (सीएस) गुलशन भाटिया की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार युवक गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवाया है।
ग्रेटर फरीदाबाद बीपीटीपी निवासी गुलशन भाटिया गुरुग्राम स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में सीएस थे। शुक्रवार शाम को कंपनी से छुट्टी होने पर वे अपनी होंडा सिटी कार में वापस फरीदाबाद लौट रहे थे। मांगर चौकी से फरीदाबाद की तरफ चलने के दौरान फरीदाबाद की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। कार पलटियां खाती हुई डिवाइडर को पार करती हुई गुलशन भाटिया की कार से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि गुलशन भाटिया के सिर में गंभीर चोट लगी। पुलिस ने टोल रोड की पेट्रोल गाड़ी में डालकर उनको तुरंत बीके अस्पताल पहुंचाया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बीके अस्पताल पहुंची उनकी पत्नी व बेटी का रो-रोकर बुरा हाल था।
वहीं जिस कार से यह टक्कर हुई, उसका चालक भी घायल है और उसे भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए एशियन अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने मृतक गुलशन भाटिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम होगा।