संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। फरीदाबाद की डबुआ मंडी में टमाटर बेचकर मध्य प्रदेश लौट रहे तीन किसानों से नेशनल हाइवे-19 पर लूटपाट का मामला सामने आया है। पृथला गांव के फ्लाईओवर के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर किसानों से 70 हजार 560 रुपये लूट लिए।
गदपुरी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के तिघरी गांव निवासी राजकुमार यादव ने शिकायत दी है। राजकुमार के अनुसार वह अपने साथी बाईस राम और लायकराम के साथ 16 दिसंबर को फरीदाबाद की डबुआ मंडी में टमाटर बेचने आए थे। मंडी में उनके टमाटर 73 हजार रुपये में बिके थे, जिसमें से करीब तीन हजार रुपये डीजल पर खर्च कर दिए गए थे।
राजकुमार ने बताया कि शेष 70 हजार 560 रुपये जेब में रखकर तीनों रात में अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे जब उनकी गाड़ी नेशनल हाईवे-19 पर पृथला गांव के फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। जब उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी तो बदमाशों ने आगे बाइक लगाकर उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोप है कि बदमाशों ने गाड़ी की चाबी छीन ली और उन पर नशीला पदार्थ बेचने का झूठा आरोप लगाते हुए तलाशी लेने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने जैकेट हटाकर हथियार दिखाया, जिससे किसान डर गए। बदमाशों ने जेब से नकदी लूट ली और चाबी गाड़ी में फेंककर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।