पलवल, बल्लभगढ़ और फरीदाबाद से होकर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पलवल, बल्लभगढ़ और फरीदाबाद से होकर दिल्ली जाने वाली ईएमयू ट्रेनों में रेलवे प्रशासन ने विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान 70 यात्री बिना टिकट के यात्रा करते हुए पकड़े गए। वाणिज्य निरीक्षक रेलवे अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान 70 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए जबकि दो मामलों में अन्य अनियमितताएं पाई गईं। रेलवे ने मौके पर ही सभी यात्रियों से जुर्माना वसूला। बिना टिकट यात्रा करने वालों से कुल 18,710 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि अन्य मामलों में 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। जांच के दौरान कई ऐसे यात्री पकड़े गए जो रोजाना यात्रा करते हैं लेकिन टिकट लेने से बचते हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।