बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार रात 11 बजे से दिल्ली जाने वाले मध्यम और भारी डीजल मालवाहकों पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली से होकर आगे जाने वाले वाहनों को कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेस वे से गुजारा जाएगा। यह रोक 11 नवंबर रात 11 बजे तक रहेगी। यदि प्रदूषण कम नहीं हुआ तो रोक की समय सीमा और भी बढ़ाई जा सकती है। दिल्ली में डीजल वाहनों को जाने से रोकने के लिए सीमा से सटे फरीदाबाद के कई इलाकों में पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है। आवश्यक वस्तुओं दूध, फल, सब्जी, तेल, गैस आदि सामान लाने ले जाने वालों पर कोई रोक नहीं है।
पूरे दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिवाली पर आतिशबाजी के बाद तो स्थिति बेहद खतरनाक है। शुक्रवार शाम को जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक पीएम-2.5 का स्तर 470 तक पहुंच गया था। पूरे दिन आसमान में स्मॉग की स्थिति बनी रही। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने दिल्ली में डीजल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इसके लिए एनसीआर के जिलो को भी सूचित किया गया है।
इस पर पुलिस उपायुक्त यातायात ने फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले डीजल के भारी व मध्यम वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। उन्होंने दिल्ली सीमा से लगते सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने अपने निर्धारित क्षेत्र में नाका लगाकर डीजल के वाहनों को रोकने का आदेश दिया है। ये रोक 11 नवंबर की रात 11 बजे तक रहेगी।
यहां लगेंगे नाके
बदरपुर बॉर्डर, सराय ख्वाजा टोल के पास, सेहतपुर चौक, एमवीएन नाका, बीपीटीपी चौक बाईपास रोड, ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर 58, टी प्वाइंट मांगर, फतेहपुर डेरा, पुलिस चौकी सीकरी तथा बड़खल चौक पर नाका लगाया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि राजस्थान अथवा मध्यप्रदेश की तरफ से आने वाले वाहनों को केजीपी से गुजारा जाएगा।