फरीदाबाद के सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी में काम करते समय कंटेनर से गिरकर 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव तिलपत निवासी सरदार सिंह के रूप में हुई है। वह लंबे समय से चेन-कुप्पी मशीन चलाने का काम करता था।
हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में बीके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसकी मौत के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
कंपनी में माल उतारने गया था सरदार सिंह
सेक्टर-31 थाना पुलिस के अनुसार, गांव तिलपत निवासी सरदार सिंह पिछले काफी समय से चेन-कुप्पी मशीन चलाने का काम कर रहा था। वह सेक्टर-31 स्थित एक निजी कंपनी में माल उतारने के लिए गया था। वहां कंटेनर से सामान नीचे उतारने का काम चल रहा था। इस दौरान सरदार सिंह कंटेनर के ऊपर खड़ा होकर चेन-कुप्पी मशीन की मदद से सामान उतरवा रहा था।
संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरा
काम के दौरान अचानक सरदार सिंह कंटेनर से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश हो गया। हादसे के बाद कंपनी में मौजूद लोग उसे उपचार के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
परिजनों ने ठेकेदार पर लगाए आरोप
मृतक के परिजन अशोक ने आरोप लगाया कि ठेकेदार के कहने पर ही सरदार सिंह कंटेनर के ऊपर चढ़ा था। ऐसे में उसकी मौत के लिए ठेकेदार जिम्मेदार है। परिजनों ने मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखा गया है।