अलग-अलग बहाने बनाकर की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 4.61 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में 27 साल की युवती भी शामिल है। आरोपियों ने पुराने सिक्के व नोट खरीदने के बहाने, केवाईसी व क्रेडिट कार्ड दिलाने के बहाने, परिचित बनकर आदि बहानों से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामलों की जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सेक्टर-7 के रहने वाले बुजुर्ग राजेंद्र कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि 18 दिसंबर को ठगों ने पुराने सिक्के व नोट खरीदने के नाम पर 83450 रुपये ठग लिए। अलग-अलग चार्ज के बहाने रुपये ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत तिगांव इलाके के रहने वाले सोनू ने दी है। इनका कहना है कि 11 दिसंबर को ठगों ने केवाईसी करने व नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने के नाम पर 10324 रुपये ठग लिए।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सराय इलाके की रहने वाले 27 साल की युवती ने दी है। युवती का आरोप है कि 14 दिसंबर को ठगों ने युवती का जीजा बनकर संपर्क किया। बहाने से आरोपियों ने 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में पता चला कि जीजा ने तो मैसेज किया ही नहीं था।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत ओल्ड फरीदाबाद के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। इनका कहना है कि 27 सितंबर से 8 अक्तूबर के दौरान ठगों ने ऑनलाइन सामान मंगवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। बाद में सामान भी नहीं मिला।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-23 के रहने वाले सुनील कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि 4 दिसंबर को ठगों ने इनकी जानकारी के बगैर ही क्रेडिट कार्ड से 57881 रुपये की ट्रांजेक्शन कर ली।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-21 के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। इनका कहना है कि 13 नवंबर को ठगों ने इनके मोबाइल पर एप का लिंक भेजा। इसके बाद मोबाइल हैक हो गया और इनके क्रेडिट कार्ड से 69750 रुपये की ट्रांजेक्शन हो गई।