- आरोपियों ने अलग-अलग बहाने से की ठगी
- साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 8.45 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने ऑनलाइन गिफ्ट देने, गैस कनेक्शन काटने, क्रेडिट कार्ड से संबंधित झांसे देकर ठगी की। दो लोगों की जानकारी के बगैर ही उनके खाते से ट्रांजेक्शन कर ली गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर टीमों ने जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत जवाहर कॉलोनी के रहने वाले योगेश ने दी है। आरोप है कि 16 सितंबर को ठगों ने ऑनलाइन गिफ्ट देने का झांसा देकर 77 हजार रुपये ठग लिए।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत एनआईटी इलाके के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। इनका कहना है कि 6 नवंबर को ठगों ने इनकी जानकारी के बगैर ही बैंक खाते से 92,997 रुपये की ट्रांजेक्शन कर ली।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-77 की सोसाइटी निवासी विनय ने दी है। इनका आरोप है कि 26 अक्तूबर को ठगों ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर गैस कनेक्शन काटने की धमकी दी। इसे सुचारू रखने के नाम पर आरोपियों ने डिटेल ली और 1,24,712 रुपये ठग लिए।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत बसेलवा कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। इनका आरोप है कि 30 अक्तूबर से 3 नवंबर के दौरान साइबर ठगों ने संपर्क किया। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर झांसे में लिया और 1.14 लाख रुपये ठग लिए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सुभाष कॉलोनी के रहने वाले 30 साल के युवक ने दी है। इनका आरोप है कि 20 अक्तूबर को ठगों ने बैंक कर्मी बनकर संपर्क किया। फिर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर 39,942 रुपये ठग लिए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत भूदत्त कॉलोनी के 33 साल के युवक ने दी है। इनका कहना है कि 10 अक्तूबर को ठगों ने इनकी जानकारी के बगैर ही बैंक खाते से 3,96,621 रुपये ट्रांसफर कर लिए। आरोप है कि अलग-अलग ट्रांजेक्शन में खाते से रुपये ट्रांसफर किए गए।