जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मलेरना रोड स्थित लेबर सप्लाई करने वाली कंपनी के निदेशक के साथ निर्माण उपकरण बनाने वाली कंपनी के संचालकों ने करीब 58 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी संचालकों के खिलाफ ठगी के अलावा गबन और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। थाना आदर्श नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर निवासी मनोज गुलाटी ने बताया कि उनकी मलेरना रोड पर मैसर्स बालाजी इंडस्ट्रियल मैनपावर प्रा. लिमिटेड कंपनी है। उनकी कंपनी विभिन्न संस्थानों को कुशल और अकुशल श्रमिक उपलब्ध कराती है। आरोप है कि अजय मैनी, उसके बेटे रक्षक मैनी और भतीजे वंशज मैनी ने उनसे संपर्क कर अपनी दो संस्थाओं में श्रमिकों की आवश्यकता बताई और श्रम कानूनों के तहत वेतन, ईएसआई, पीएफ व अन्य भुगतान समय पर करने का भरोसा दिया।
शिकायत के अनुसार उनकी कंपनी ने अजय मैनी की संस्थाओं मैसर्स मैनी कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट प्रा. लिमिटेड गांव गदपुरी पलवल और मैसर्स मैनी स्कैफोल्ड सिस्टम्स सिडकुल रुद्रपुर उत्तराखंड में श्रमिक उपलब्ध कराने शुरू कर दिए। कंपनी ने अपने रोल पर रखे कर्मचारियों का भुगतान कर दिया, लेकिन प्रार्थी की कंपनी के माध्यम से लगे श्रमिकों का वेतन नहीं दिया। श्रमिकों का बकाया वेतन करीब 58 लाख रुपये है। वह कई बार भुगतान लेने के लिए आरोपितों की फैक्ट्री और गुरुग्राम स्थित घर गया, लेकिन हर बार टाल दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ फरीदाबाद और दिल्ली में इस तरह धोखाधड़ी की नौ प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं विभिन्न अदालतों में इनके खिलाफ 63 केस विचाराधीन हैं।