रास्ते में वाहन खड़े होने से एंबुलेंस के आवागमन में होती है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की पार्किंग समस्या को देखते हुए अस्पताल परिसर में पार्किंग बनाने की योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत अस्पताल परिसर में 57 पेड़ों को काटे जाने के लिए चिन्हित किया गया है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आए दिन अस्पताल परिसर में ऑटोरिक्शा व निजी वाहन खड़े दिख जाते हैं। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को वाहनों की पार्किंग में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्य द्वार पर वाहन खड़े होने से एंबुलेंस और मरीजों के आवागमन में भी बाधा आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने परिसर के एक हिस्से में व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने का निर्णय लिया है। पार्किंग निर्माण के लिए चिन्हित 57 पेड़ों की कटाई की जाएगी।
एमरजेंसी विभाग के सामने लोग वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे एंबुलेंस के आवागमन में काफी दिक्कत होती है। पार्किंग निर्माण से मरीजों और स्टाफ को राहत मिलेगी और अस्पताल का आवागमन सुचारू हो जाएगा। - डॉ. एमपी सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी