सड़क पर छोड़े पालतू पशु तो हो जाएंगे जब्त
फरीदाबाद। सड़क पर पालतू पशुओं को छोड़ना अब पशु मालिकों के लिए भारी पड़ेगा। नगर निगम ने सड़क पर घूमने वाले सभी पालतू पशुओं के मालिकों को आगाह किया है कि वह अपने पशुओं को घरों में बांध कर रखें। सड़कों पर खुले में घूमते मिलने पर इन्हें पकड़ कर गोशाला में छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद इन्हें वापस नहीं किया जाएगा।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त धीरेंद्र खड़गटे की ओर से स्वास्थ्य अधिकारी और तीनों जोनों के वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, गोशालाओं के प्रधान की एक बैठक बुलाई गई। स्वस्थ फरीदाबाद-स्वच्छ फरीदाबाद के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और रोजाना सड़कों, गलियों और बाजारों में सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 के तहत फरीदाबाद शहर को स्वच्छ और सौंदर्यीकरण बनाने में सभी अपना योगदान दें। उन्होंने पशु मालिकों से कहा कि वह अपने पशुओं को सड़कों पर नहीं छोड़े। गोशाला पदाधिकारियों से सड़कों पर घूमने वाले पशुओं को पकड़कर उन्हें गोशाला में छोड़ने के आदेश दिए। उन्होंने पशु मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर घूम रहे पशुओं को एक बार पकड़ने पर उन्हें वापस नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को साफ स्वच्छ रखना हम सब का कर्तव्य है, जो लोग नियमों की अनदेखी करेंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।