सड़क पर मिला बुजुर्ग का शव, हत्या की आशंका
फरीदाबाद। एक बुजुर्ग का शव सोमवार सुबह टाउन पार्क के पास से मिला। मृतक की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। उनकी नाक व छाती में चोट के निशान हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का मानना है कि किसी ने लूटपाट के दौरान बुजुर्ग की हत्या की है। परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताया है। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एयरफोर्स रोड, डबुआ कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश रविवार को किसी जमीन संबंधी मसले के लिए अपने गांव बलुआपुर, टप्पल (उत्तर प्रदेश) गए थे। लौटते समय रात करीब 8.30 बजे उन्होंने अपने घर फोन करके बताया था कि वे पलवल पहुंच गए हैं और एक-डेढ़ घंटे में घर पहुंच जाएंगे। रात 10.30 बजे तक जब ओमप्रकाश घर नहीं पहुंचे तो परिजनों के नंबर मिलाने पर उनका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद रात को परिजनों ने 100 नंबर पर फोन कर कंट्रोल रूम को भी घटना की सूचना दी।
सोमवार सुबह 9 बजे परिवार के लोगों को पुलिस ने फोन कर बताया कि टाउन पार्क के पास एक बुजुर्ग का शव मिला है। वे वहां पहुंचकर उनकी पहचान करें। परिजन वहां पहुंचे तो शव ओमप्रकाश का ही था। पुलिस को मौके पर कोई सामान नहीं मिला, जबकि परिजनों के अनुसार उनके पास एक थैला था, जिसमें टप्पल में जमीन संबंधी दस्तावेज के अलावा उनका मोबाइल व अन्य सामान था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को उनकी नाक और छाती में चोट के निशान मिले हैं। पुलिस आशंका जता रही है कि पलवल या बल्लभगढ़ से उन्होंने डबुआ कॉलोनी के लिए कोई सवारी ली होगी, मगर उसमें सवार बदमाशों ने अकेला देखकर उन्हें लात घूसों से मारा होगा और फिर सामान लेकर ओमप्रकाश को यहां फेंक कर फरार हो गए। हालांकि, परिवार के लोगों ने कुछ लोगों पर शक जताया है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।