‘दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं से हरियाणा बना रेप कैपिटल’
फरीदाबाद। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने कहा कि हरियाणा ‘रेप कैपिटल’ बन गया है। आए दिन बच्चियों, युवतियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रहीं हैं और सरकार आंखें मूंदे बैठी है। केंद्र सरकार व राज्य सरकार की विफलताओं से सरकार के प्रति लोगों का गुस्सा जन आंदोलन बनता जा रहा है। युवा वर्ग हताश और निराश होकर भटक रहा है। कर्मचारी और व्यापारी सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। सुमित्रा चौहान 29 अप्रैल को रामलीला मैदान दिल्ली में होने वाली कांग्रेस पार्टी की रैली के लिए शनिवार को महिलाओं को आमंत्रित करने आई थीं।
उन्होंने कहा कि जन आक्रोश रैली को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। हरियाणा, दिल्ली के सबसे समीप होने के कारण सबसे ज्यादा कार्यकर्ता यहां से जाएंगे। इस जनाक्रोश रैली में अकेले हरियाणा से दस हजार महिलाएं भाग लेंगी। इसमें फरीदाबाद से करीब एक हजार महिलाएं शामिल होंगी। शनिवार को कैबिनेट की बैठक में 12 साल से कम उम्र की बच्चियों के साथ दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी की सजा के मामले में उन्होंने कहा कि छोटी बच्चियां ही नहीं, किसी के साथ भी दुष्कर्म की घटना पर फांसी का प्रावधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस जनहित के हर मुद्दे पर सरकार को घेरेगी।
इस मौके पर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शारदा राठौर ने कहा की 29 अप्रैल को होने वाली रैली से भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। जिन मुद्दों को लेकर भाजपा ने सत्ता हासिल की है वे मुद्दे आज सरकार के एजेंडा में नहीं है। देश में भय व अनिश्चितता का माहौल है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष साधना सिंह ने कहा कि महिला कांग्रेस हर मोर्चे पर सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी।
जनआक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। इस अवसर पर रंजीता मेहता, सुधा भारद्वाज, प्रियंका, सीमा जैन, शालिनी, सरला, निहाला, सगीरन, पूनम, सत्यवती, पार्वती राजदेवी, राजबाला, सुमन सिसोदिया, नीतू कौशिक, धर्मवती, फातिमा, सुनीता, अंशु दुआ, गजना, सुषमा, आशा टोंगर, गुड्डी, सुशीला, नूरबानो और मालवती सहित अनेक महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।