फरीदाबाद। स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) की टीम ने दो दिन जब ईकोग्रीन कंपनी के कचरा उठाने वाले वाहनों का जायजा लिया, तो सामने आया कि करीब 50 वाहन फील्ड में हैं ही नहीं। कई वार्ड में कचरा एकत्र करने को घर-घर वाहन नहीं पहुंच रहे हैं। निगम के 40 वार्ड के लिए ईकोग्रीन की ओर से करीब 270 वाहन चल रहे हैं। इन पर निगरानी करने का जिम्मा एसबीएम के पास है। वाहनों के घर-घर न पहुंचने से शहर में हर तरफ सड़क पर कूड़ा फैला हुआ है।
दिसंबर, 2017 में ईकोग्रीन कंपनी ने नगर निगम क्षेत्र में घर-घर से कचरा एकत्र करने का काम शुरू किया था। शुरुआती दौर में पांच वार्डों में वाहन जाना शुरू हुए थे। बाद में यह वाहन सभी 40 वार्डों में पहुंचना शुरू हो गई थे लेकिन वक्त के साथ-साथ कंपनी के वाहनों पर आरोप लगे कि कचरा उठाने के काम में खानापूर्ति की जा रही है। एसबीएम के टीम लीडर आदित्य शर्मा ने बताया कि पिछले दो दिनों में कई वार्डों में वाहन कम गए हैं, जिसकी जानकारी निगमायुक्त डॉ. यश गर्ग को दे दी गई है। जानकारी मिलने के बाद डॉ. यश गर्ग का कहना है कि ईकोग्रीन को नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया जाएगा। साथ ही कंपनी पर लापरवाही बरतने के आरोप में जुर्माना भी लगाया जाएगा।