बल्लभगढ़। आईएमटी क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो कार ने बाइक और टेंपो को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा 22 अक्तूबर को शाम करीब 3:25 बजे भारत पेट्रोल पंप के पास हुआ। गांव मुजैड़ी निवासी पमित अपने बेटे ध्रुव के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। पमित ने पुलिस को बताया कि सामने से आ रही बोलेरो अचानक गलत दिशा में आकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर से पमित और ध्रुव सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसके बाद बोलेरो ने बाइक के पीछे चल रहे टेंपो को भी टक्कर मारी। टेंपो में सवार एक महिला सहित चार अन्य लोग भी घायल हुए। हादसे के बाद बोलेरो पलट गई और उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए। पमित फरीदाबाद कॉन्वेंट स्कूल में सुनील मान के पास देखरेख का काम करता है। वह अपने दोस्त की बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने गया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पमित की शिकायत पर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरार हुए बोलेरो सवारों की तलाश की जा रही है। संवाद