बैंक कर्मचारी बनकर किया था फोन, क्रेडिट कार्ड की केवाईसी के नाम पर दिया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एपीके फाइल भेजकर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार पल्ला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अप्रैल को उसके पास व्हाट्सएप पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की केवाईसी करने की बात कही। इसके लिए ठगों ने उसके पास एक एपीके फाइल भेजी। जब उसने फाइल ओपन की तो कुछ देर बाद उसके खाते से 19 हजार रुपये कट गए।
साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए विशाल गुप्ता निवासी गांव बलडिया, जिला कुशीनगर उत्तर प्रदेश, हाल खोड़ा कॉलोनी, जिला गाजियाबाद, प्रियम सिंह निवासी गांव बेलसर, जिला हरदोई उत्तर प्रदेश, हाल खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद, रोशन कुमार निवासी गांव गड्डी, जिला दुमका झारखंड, हाल खोड़ा कॉलोनी, शिवम कुमार निवासी गांव भीखी सराय, जिला अयोध्या उत्तर प्रदेश, हाल खोड़ा कॉलोनी तथा नितीश कुमार निवासी देवघर, झारखंड, हाल मुकंदपुर, बुराड़ी को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि शिवम, विशाल और प्रियम सिंह पहले एक साथ कॉल सेंटर में काम करते थे। बाद में प्रियम की टेलीग्राम के माध्यम से नितीश और रोशन से जान-पहचान हुई। इसके बाद सभी ने मिलकर नोएडा में किराये पर कमरा लिया और वहीं से ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
शिवम के बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया था। वहीं विशाल, प्रियम सिंह और नितीश कॉलर का काम करते थे, जिन्होंने शिकायतकर्ता को कॉल की थी। प्रियम सिंह फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाने का भी काम करता था, जबकि रोशन एटीएम के माध्यम से खातों से पैसे निकालने का कार्य करता था। पुलिस ने पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।