-1.83 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पर हुआ समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। चेक बाउंस मामलों के निस्तारण के लिए शनिवार को जिला अदालत परिसर सेक्टर-12, फरीदाबाद में स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह लोक अदालत जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरीदाबाद के चेयरमैन संदीप गर्ग के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इसका संचालन एवं निगरानी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र सिंह की ओर से की गई।
इसमें चेक बाउंस से संबंधित 1250 मामलों को सूचीबद्ध किया गया था। इनमें से 442 मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 1 करोड़ 83 लाख 70 हजार 250 रुपये की राशि पर समझौता हुआ। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह ने कहा कि लोक अदालत में दिए गए निर्णय के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय तक कोई अपील नहीं की जा सकती, जिससे विवादों का अंतिम और स्थायी समाधान सुनिश्चित होता है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में समझौते के आधार पर मामलों के निपटारे से पक्षकारों की कोर्ट फीस भी वापस कर दी जाती है।