फरीदाबाद। जिले में शनिवार को कोरोना के 421 नए मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, 263 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। इसी दौरान दो संक्रमितों की मौत भी हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भीमसेन कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय महिला व भारत कॉलोनी निवासी 68 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। जिले में अभी तक 261 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 48 घंटे में 873 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान की है, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 27714 हो गई है। इनमें से 25503 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
जिलें में कोरोना के उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 1950 हो चुकी है। इनमें से 405 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं जबकि 1545 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पतालों में भर्ती 59 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसमें से 11 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 1985 नए सैंपल लिए गए हैं। अभी 423 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।