सत्ता संग्राम : आखिर किसको मिलेगा टिकट...
फरीदाबाद। लोकसभा चुनावों की बयार चल रही है। हरियाणा में छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है। ऐसे में अभी बसपा को छोड़ किसी भी प्रमुख पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। ऐसे में शहर में चुनावी चर्चाओं के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के टिकटों पर जनता खूब कयास लगा रही है। ओल्ड फरीदाबाद स्थित फरीद पार्क में बैठे बुजुर्ग व युवा पार्टी के प्रत्याशियों को लेकर चर्चा करते दिखे। हालांकि, सभी का मानना था कि वे बिना भेदभाव विकास को तरजीह देने वाले उम्मीदवार को ही अपना कीमती वोट देंगे।
चर्चा में शामिल ओल्ड फरीदाबाद सैय्यदवाड़ा निवासी चंदन सिंह कहते हैं कि अगर दिल्ली में बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो भाजपा के टिकट पर कृष्णपाल गुर्जर का नाम पक्का है। मगर कांग्रेस के टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी है। कांग्रेस में अवतार भड़ाना के आने के बाद उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी। अवतार भड़ाना के अलावा पलवल से करण दलाल, पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप, विधायक ललित नागर भी टिकट की दौड़ में माने जा रहे हैं। इतने में भीम बस्ती निवासी शीतल प्रसाद बोलते हैं कि कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भी फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। अगर भूपेंद्र सिंह हुड्डा यहां से चुनाव लड़ते हैं तो मुकाबला रोचक हो जाएगा। कृष्णपाल को मजबूत टक्कर मिलेगी।
सेक्टर-18 निवासी देवेंद्र सिंह बोलते हैं कि प्रत्याशी कोई भी हो, जो हमें आश्वस्त करेगा कि बिना भेदभाव जो सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करवाएगा, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर बात करेगा, चुनाव जीतने के बाद अगले पांच साल तक क्षेत्र की जनता के बीच रहेगा वह तो उसे ही अपना कीमती वोट देंगे। देवेंद्र सिंह की बातों से सहमत होकर सभी उनकी हां में हां मिलाते हैं। चर्चा में शामिल अन्य लोग भी अपने-अपने मुद्दे बता रहे हैं और चर्चा जारी रहती है।