फरीदाबाद। दिवाली के त्योहार पर फूलों का कारोबार भी आसमान छूने लगा है। सबसे ज्यादा मांग गेंदा, गुलाब और कमल के फूलों की है। इन सभी के भाव तीन से पांच गुना तक बढ़ गए हैं। फूल कारोबारियों का कहना है कि थोक बाजार के भाव में तेजी आने के बाद फुटकर में फूलों के रेट बढ़ाए गए हैं।
इलेक्ट्रिक झालरों के साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों को फूल मालाओं से सजाया जाता है। इसके साथ ही पूजन में भी फूलों का प्रयोग होता है। दिवाली पर फूलों की मांग बढ़ने के साथ ही इनके भाव भी आसमान छूने लगे हैं।
दो दिन पहले तक सात से दस रुपये में बिकने वाली गेंदा फूल की माला रविवार को तीस रुपये तक में बेची गई। इसी प्रकार आम दिनों में दस रुपये में बिकने वाला गुलाब 30 से 50 रुपये में फुटकर बेचा गया। 20 रुपये में बिकने वाला कमल के फूल का भाव भी 50 से 100 रुपये प्रति नग रहा। कमल के फूल से दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया जाता है।
सेक्टर-15 स्थित फूल कारोबारी सतीश ने बताया कि दिवाली पर फूलों की डिमांड कई गुणा बढ़ जाती है। मांग-आपूर्ति को देखते हुए इनके भाव में भी तेजी आती है। सतीश का कहना है कि थोक रेट पर ही फूलों के रेट बढ़ाए गए हैं। इसी के चलते मजबूरी में फुटकर में भी रेट बढ़ाने पड़े हैं।