आरएसएस प्रमुख ने ली उत्तर क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक
फरीदाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत शनिवार को फरीदाबाद पहुंचे। सेक्टर-16 स्थित किसान भवन में उत्तर क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 8 अक्तूबर तक शहर में रहेंगे। बैठक के दौरान नेताओं और मीडिया को पूरी तरह दूर रखा गया। बैठक के दौरान किसान भवन के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में डॉ. भागवत ने उपस्थित स्वंयसेवकों के साथ संघ के पांच प्रमुख मुद्दों गौ-संवर्धन, धर्म, परिवार संवर्धन, सामाजिक समरसता एवं ग्राम संवर्हन पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को सामाजिक परिवेश में डालने के लिए संघ से जुड़ा हर सदस्य प्रयास करें, तभी एक उत्तम समाज व देश का सपना साकार हो सकता है। बैठक में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में टूट रहे परिवारों को सामाजिक समरसता से जोड़े रखने के बार भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक से एक दिन पूर्व ही किसान भवन को छावनी में तब्दील कर दिया गया था और यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बैठक में केवल चुनिंदा लोगों की एंट्री थी, जबकि अन्य लोगों के प्रवेश पर यहां पूरी तरह पाबंदी लगाई गई।