फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेंदुए की दहशत से कांप रहा पूरा गांव, दीवार पर मिले पंजे के निशान

विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन

अरावली की तलहटी में बसे गांव बड़खल के साथ लगती कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात को 16 बकरियों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ऐसे में वहां तेंदुआ आने की दहशत फैल गई। गांव में तेंदुआ आने की बात आग तरह फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक ने तेंदुए की बात से इंकार किया है। थाना सूरजकुंड पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद बकरियों का पोस्टमार्टम करवाया है।

विज्ञापन


बड़खल गांव के साथ लगती बड़खल कॉलोनी में रहने वाली हाजी सलीम की 8, शमशेर की 3, यासीन की एक व शहनाज बेगम की 4 बकरियां शुक्रवार सुबह बाड़े में मृत मिलीं। कुछ बकरियों के शरीर पर घाव थे तो कुछ का पेट फूल रहा था। इससे गांव में अफवाह फैल गई कि रात को गांव में तेंदुआ आया और उसने बकरियों को मार दिया। कुछ ही देर में इन लोगों के घरों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। अनखीर चौकी पुलिस ने मौके पर जा कर पड़ताल की और वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलवाया। कॉलोनी में पहुंचे वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक चरण सिंह ने तीनों स्थानों पर जाकर जांच की। उनके घरों के आसपास भी जांच की गई ताकि कहीं तेंदुए या फिर किसी और जानवर के पैरों के निशान मिल सकें, मगर उन्हें ऐसा कुछ नहीं मिला।
विज्ञापन


हालांकि, लोगों ने उन्हें एक स्थान पर दीवार पर बने निशान दिखाए, जिससे लग रहा था कि जानवर इस दीवार पर चढ़कर भागा है, मगर वन्य विभाग की टीम ने उन निशानों को भी खारिज कर दिया। पुलिस ने बकरियों का पोस्टमार्टम करवा दिया है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ हो सकेगी। वन्य प्राणी निरीक्षक चरण सिंह के अनुसार, यह किसी पागल कुत्ते का काम हो सकता है। उन्होंने बताया कि बहुत सी बकरियों पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं थे।

ऐसे में संभव है कि जानवर ने किसी एक बकरी पर हमला किया हो और बाकी बकरियां डर के कारण ही मर गईं हों, क्योंकि इनका दिल बहुत कमजोर होता है। ग्रामीण शौकीन, हाजी असलम, सलीम, इरफान आदि ने बताया कि पहले भी कई बार गुरुग्राम रोड पर तेंदुआ या किसी और जानवर को देखा जाता रहा है, मगर इस बार वह बस्ती में घुस आया है। पुलिस ने भी लोगों को सतर्क रहने को कहा है और जंगल में ज्यादा अंदर न जाने की हिदायत दी है।

बकरी को दबा रखा था जानवर ने, पत्थर मारा तो भाग गया
बड़खल कॉलोनी में ही रहने वाले इरफान खान नाम के युवक ने बताया कि रात को वह अपने घर की छत पर सो रहा था। कुत्तों के भौंकने पर वह उठा तो उसने देखा कि हाजी सलीम के बाड़े में बंधी एक बकरी को किसी बड़े से जानवर ने दबा रखा था। उसने छत से पत्थर फेंक कर मारा तो वह जानवर बकरी को छोड़कर भाग गया। जानवर काफी बड़ा था, मगर अंधेरा होने के कारण वह साफ तौर पर देख नहीं पाया कि वह तेंदुआ था या कोई और जानवर।

आप नेता ने की मुआवजे की मांग
बकरियों की मौत के मामले में आम आदमी पार्टी के नेता धर्मबीर भड़ाना ने सरकार से पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि तेंदुए ने चार लोगों की 16 बकरियों को मारा है। इससे गरीब परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इसलिए सरकार व प्रशासन को इन्हें मुआवजा देना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें