फरीदाबाद बाईपास रोड सेक्टर-29 स्थित एक खुले मैनहोल में मंगलवार सुबह कुत्ता गिर गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीपुल फॉर एनीमल संस्था के सदस्यों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला।
संस्था के सदस्य रवि दुबे ने बताया कि मंगलवार सुबह किसी ने सूचना दी कि बाईपास रोड स्थित खुले मैनहोल में एक कुत्ता गिर गया है। मौके पर पहुंच कर उन्होंने कुत्ते को निकालने का प्रयास किया। फंदा बनाकर रस्सी डाली गई।
करीब एक घंटे के प्रयास के बाद कुत्ते के अगले पैर का पंजा फंदे में फंस गया। कुत्ते को नुकसान न हो इसलिए सावधानी से खींच कर उसे बाहर निकाला। जांच और प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया। रवि दुबे ने कहा कि हुडा को इस मेनहोल में ढक्कन लगाना चाहिए अन्यथा कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ब्यूरो