बीके अस्पताल में आज से मिलेंगी जरूरी दवाएं
फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल में जरूरी दवाओं की कमी से जूझ रहे मरीज और अस्पताल प्रशासन ने सोमवार को जरूरी दवाएं उपलब्ध होने पर राहत की सांस ली है। मरीज आए दिन अस्पताल प्रशासन से दवाएं खत्म होने की शिकायत कर रहे थे। सोमवार को अस्पताल में करीब 110 दवाओं का स्टॉक उपलब्ध कराया गया। बुधवार को कुछ अन्य जरूरी और नई दवाओं की कमी भी पूरी कर ली जाएगी।
गुरुग्राम स्थित वेयर हाउस में जरूरी दवाओं का स्टॉक खत्म होने से सिविल अस्पताल में दवाओं का टोटा हो गया था। ऐसे में पिछले करीब दस दिन तक अस्पताल में कफ सीरप सहित जुकाम और बुखार की भी दवाएं उपलब्ध नहीं थी। अस्पताल में करीब एक महीने पहले ही एंटी रेबीज वैक्सीन भी खत्म हो चुका था। सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों की लगातार शिकायत आ रही थी कि अस्पताल में डाक्टरी परामर्श तो मिल रहा है, लेकिन दवा उपलब्ध न होने से सरकार की मुफ्त दवाओं की पॉलिसी झूठी साबित हो रही है।
शनिवार को एंटी रेबीज, सोमवार को आया दवा स्टॉक
बीके सिविल अस्पताल में शनिवार को 1200 एंटी रेबीज वैक्सीन का स्टॉक मंगवाया गया। सोमवार को 110 आवश्यक दवाओं का स्टॉक मंगवाया गया। अस्पताल प्रभारी डा. विरेंद्र यादव का कहना है कि बीतशे कई दनों अस्पताल में जरुरत के हिसाब से लोकल परचेज पर आईवी सेट और कैन्युला खरीदे जा रहे थे। हर 15 दिन में दवा डिमांड भेज दी जाती है बावजूद इसके ड्रग वेयर हाउस पर दवा खत्म होने का खामियाजा सिविल अस्पताल प्रशासन को उठाना पड़ता है।