जीवन के विशेष अवसर पर लगाया जाए एक पौधा: शील मधुर
- राज्य सतर्कता आयोग के पूर्व पुलिस महानिदेशक ने किया पौधरोपण
- केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 में पूर्व डीजी ने किया छात्रों को संबोधित
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। वृक्ष हमारे जीवन के लिए अत्यंत ही आवश्यक हैं। वर्तमान समय में प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन की जो भी विपत्तियां मानव जाति को झेलनी पड़ रहीं है, उनका कारण अंधाधुंध वृक्षों की कटाई ही है। हमें यह तय करना होगा कि अपने खुशी के विशेष अवसरों पर हम कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।’ शुक्रवार को फरीदाबाद के केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 में पहुंचे हरियाणा राज्य सतर्कता ब्यूरो के पूर्व पुलिस महानिदेशक शील मधुर ने ये बातें कहीं। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के छात्र राज वैभव के जन्मदिवस पर उसके साथ मिलकर आम का एक पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ ही वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल आवश्यक है। प्रत्येक छात्र को बढ़-चढ़कर पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेना चाहिए।
पूर्व डीजी ने पौधरोपण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन, शिक्षा, सुरक्षा आदि विषयों पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के नव निर्माण के लिए छात्रों के अंदर राष्ट्रीय चरित्र निर्माण एवं विकास सबसे अहम पहलु है। उन्होंने देश भक्ति के गीतों के एलबम मेक इंडिया’ के गाने ‘जब भी गिरेंगे, फिर संभलेंगे और जन-जन गण जय हो...’ की प्रस्तुति पर तारीफ की। ‘मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती’ कविता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को लगातार मेहनत करने की शिक्षा देते हुए उन्होंने कहा कि तब तक मत रुकिए जब तक लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो जाती। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. डॉली गुलाटी अग्निहोत्री के साथ ही अनिल शर्मा, डा. आरएन सिंह, कविता भाटिया, मनोज कुमार, अमिता कोहली, अरुण कुमार, एसएन शर्मा, हितेश अदलखा और अमिता कोहली समेत अन्य अध्यापक मौजूद रहे।