यमुना का जलस्तर बढ़ने पर गांवों में सतर्क रहने की मुनादी कराई
फरीदाबाद। पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बरसात से हथिनी कुंड बैराज में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में वहां से यमुना में छोड़ा गया पानी रविवार तक फरीदाबाद पहुंचने की आशंका है। हथिनी कुंड बैराज से करीब ढाई लाख क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया है, इससे यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग ने यमुना के साथ लगते गांवों में अलर्ट घोषित कर दिया। हालांकि, सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ का कोई खतरा नहीं है, फिर भी सभी एहतियात बरते जा रहे हैं।
बरसात के दिनों में जलस्तर बढ़ने से हथिनी कुंड व ओखला बैराज से यमुना में पानी छोड़े जाने से जलस्तर बढ़ जाता है। ओखला बैराज से अभी तक यमुना में 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके रविवार तक फरीदाबाद पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी क्षेत्र में हुई बारिश का पानी भी यमुना में आ ही रहा है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिन बरसात की चेतावनी दे रखी है, ऐसे में यमुना में पानी की मात्रा बढ़ेगी। यमुना में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण किनारे बसे गांव व कॉलोनियों में मकान बनाकर रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। इससे पहले 2013 में यमुना में साढ़े तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिससे यमुना किनारे गांवों में बाढ़ के हालात पैदा हो गए थे।
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता वीएस रावत ने बताया कि बढ़ते जल स्तर के चलते यमुना किनारे बसे गांवों में मुनादी करवा कर उन्हें सतर्क रहने के लिए कहा गया है। साथ ही एसडीओ व जेई को अगले कुछ दिन तक गांवों में नियमित ड्यूटी पर रहने को कहा गया है।
इन गांवों में हो सकती है परेशानी
यमुना में जलस्तर बढ़ने से उसके साथ बसे गांव लालपुर, किड़ावली, महावतपुर, राजपुर कला, अलीपुर तिरौली, अमीपुर, बसंतपुर, अगवानपुर, ददसिया, भसकौला, मौजाबाद, डूंगरपुर, फुलेरा, कबूलपुर, मंझावली, चांदपुरा, अरुआ, छांयसा, दुल्हेपुर, शाहजहांपुर, फैज्जूपुर, मोहना, साहूपुर खादर, इमामुद्दीनपुर, नगला चांदपुर, कांवरा, सिकारगाह, चीरसी, तिलौरी खादर, खादर, मोठुका, अकबरपुर, घरौड़ा आदि गांवों में परेशानी हो सकती है।