नहरपार में अवैध निर्माण का सर्वे, एक दीवार गिराई
फरीदाबाद। शहर में हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ जल्द ही बड़ी कार्रवाई होगी, ओल्ड फरीदाबाद नगर निगम की ओर से सोमवार को बसेलवा और भूड़ कॉलोनी में अवैध निर्माण का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान टीम ने कुछ अवैध निर्माण मौके पर ही ढहाए, हालांकि पुलिस बल साथ न होने की वजह से बड़ी कार्रवाई नहीं की गई। संयुक्त आयुक्त आशुतोश राजन का कहना है कि सर्वे के बाद अवैध निर्माण के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ओल्ड फरीदाबाद जोन में नहरपार इलाके में धड़ल्ले से अवैध निर्माण कार्य चल रहे हैं। संयुक्त आयुक्त आशुतोष राजन के मुताबिक उन्हें नहरपार अवैध निर्माण की शिकायतें मिली थीं। इस पर सोमवार को उन्होंने एसडीओ पद्म भूषण को भूड़ कॉलोनी भेजा था जबकि वह खुद सेक्टर 29 स्थित शराब ठेके के पास तैयारी की जा रहे शॉपिंग कॉंप्लेक्स को देखने गए थे। भूड़ कॉलोनी में अवैध निर्माण देख एसडीओ पद्म भूषण ने तुरंत ही बनाई गई ईंट की दीवार को पैर की ठोकर मार कर गिरा दिया, और निर्माण बंद करने की सख्त हिदायत दी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस बल न होने के कारण बड़ी कार्रवाई नहीं की गई। संयुक्त आयुक्त आशुतोष राजन ने बताया कि भूड़ कॉलोनी में हो रहे अवैध ािनर्माण को कई बार रुकवाया गया। बिल्डर को कई नोटिस भी दिए गए लेकिन काम नहीं रुका। जल्द ही भूड़ कॉलोनी और सेक्टर 29 स्थित निर्माणाधीन शॉपिंग कॉप्लेक्स में तोड़फोड़ की जाएगी।