महंगा हुआ फरीदाबाद, नए सर्किल रेट लागू
- नई सूची में 6 से 43 फीसदी तक की गई बढ़ोत्तरी
- एनआईटी-1,2 का चौक अभी भी जिले में सबसे महंगा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला उपायुक्त ने सर्किल रेट की नई सूची सोमवार को जारी कर दी। नई सूची तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। नई सर्किल रेट सूची में 43 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है। शहर का एनआईटी-1,2 चौक से लेकर फावड़ा सिंह चौक और गुरूद्वारा रोड चौक तक की कामर्शियल जमीन आज भी सबसे महंगा है। हालांकि इस क्षेत्र के सर्किल रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है, मगर इसके बावजूद यहां सर्किल रेट 1.25 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर है। जारी सूची में पहली बार इस इलाके में रिहायशी इलाके के तौर पर 30 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर सर्किल रेट निर्धारित किया गया है।
नए सर्किल रेट की सूची के आधार पर बड़खल तहसील के एनआईटी क्षेत्र में प्रॉपर्टी के दाम सबसे ज्यादा बढ़े हैं। यहां 20 से 25 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी की गई है। बड़खल तहसील में ही व्यवसायिक जमीन के सर्किल रेट सबसे ज्यादा 25 से 43 फीसदी तक बढ़े हैं। इसके विपरीत हुडा के सेक्टर और धौज जैसे ग्रामीण इलाकों के सर्किल रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित हो रहे नवादा कोह में व्यवसायिक प्लॉटों के रेट में सबसे ज्यादा 43 फीसदी कीमत बढ़ाई गई है।
‘सर्किल रेट सूची के लिए लोगों से आपत्तियां मांगी गई थीं, मगर एक भी आपत्ति नहीं आई। इसके बाद 9 अप्रैल से इसे लागू कर दिया गया।’
- संजय विश्नोई, जिला राजस्व अधिकारी