ट्रेन में बिगड़ी महिला की तबीयत, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पश्चिम एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला की सोमवार को मौत हो गई। मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। महिला अपने परिवार के साथ अमृतसर जा रही थी। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जोगेंदर कौर पश्चिम एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश के बांदा से अमृतसर से जा रही थी। ट्रेन मथुरा के पास पहुंची तभी अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। हालत बिगड़ने पर भतीजे सुखविंदर ने ट्रेन के टीटी को इसकी जानकारी दी। टीटी ने दिल्ली नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। नियंत्रण कक्ष ने फरीदाबाद स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस संजय राघव को जानकारी दी। ट्रेन के फरीदाबाद प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचने से पहले डॉक्टरों को बुला लिया गया था। डॉक्टरों ने जांच कर महिला को मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराया। यात्रा के दौरान जोगेंद्र कौर का परिवार उसके साथ था। डिप्टी एसएस संजय राघव ने बताया कि जोगेंदर कौर की उम्र 60 साल थी। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता लगेगी।