लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम की तरफ से की जा रही है कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभिन्न इलाकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम की विशेष टीम सक्रिय हो गई है और अब तक करीब 40 बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जा चुका है।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने बताया कि सैनिक कॉलोनी, नगर पार, इंद्र कॉम्प्लेक्स, एनआईटी क्षेत्र और बल्लभगढ़ विधानसभा के सेक्टर-3 समेत कई इलाकों से बंदरों की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार तुरंत कार्रवाई की गई।
डॉ. परवाल के अनुसार, निगम की विशेष टीम द्वारा बंदरों को मानवीय तरीके से पकड़ा जा रहा है। इसके लिए जाल का इस्तेमाल किया जाता है और बाद में बंदरों को गुड़-चना और केले खिलाकर शहर से दूर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता है कि शहरवासियों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्य जीवों के प्रति भी संवेदनशीलता बनाए रखी जाए।
स्वास्थ्य अधिकारी ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में बंदरों की शिकायत हो तो वे तुरंत नगर निगम को सूचित करें। शिकायत मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था, शांति और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि लोगों को बंदरों की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।