मानव रचना यूनिवर्सिटी परिसर में किया गया आयोजन, 199 जवान उत्तीर्ण हुए
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पुलिस में सिपाही से मुख्य सिपाही के पद पर पदोन्नति के लिए जिला स्तर पर ऑनलाइन विभागीय परीक्षा बी-1 रविवार को मानव रचना यूनिवर्सिटी परिसर में सम्पन्न हुई। इस दौरान फरीदाबाद पुलिस के 397 जवानों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा में 199 जवान उत्तीर्ण हुए।
ऑनलाइन परीक्षा के बाद सोमवार को परीक्षा में उत्तीर्ण हुए जवानों की परेड व हथियार संचालन की परीक्षा पुलिस लाइन सेक्टर-30 फरीदाबाद में आयोजित की गई। परीक्षा में सफल होने वाले प्रतिभागियों का कार्यालय पुलिस महानिदेशक, हरियाणा की ओर से मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा। चयन उपरांत सफल परीक्षार्थियों को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में पदोन्नति कोर्स के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि फरीदाबाद में आयोजित की गई बी-1 परीक्षा के लिए कार्यालय पुलिस महानिदेशक की ओर से एक कमेटी गठित की गई। इसमें पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता चैयरमेन, अभिषेक जोरवाल पुलिस उपायुक्त मुख्यालय व उपासना पुलिस अधीक्षक आरटीसी भोंडसी सदस्य हैं।