संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बिना नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के वाहन चलाने वालों के खिलाफ इस साल अब तक 36 हजार से अधिक चालान किए गए हैं। एक जनवरी से 29 अक्तूबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, दोनों श्रेणियों में कुल 36,188 चालान दर्ज किए गए। इनमें एचएसआरपी नहीं लगाने के 20,435 और बिना नंबर प्लेट के 15,753 चालान शामिल हैं। दोनों श्रेणियों में एचएसआरपी से जुड़े उल्लंघनों के चालान की संख्या अधिक रही।
महीनेवार आंकड़ों में मई में सबसे अधिक 6,127 चालान किए गए। इसके बाद अक्तूबर में 5,938 चालान हुए। फरवरी में सबसे कम 1,435 चालान किए गए। आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में 1,856, मार्च में 2,390 और अप्रैल में 3,569 चालान हुए। जून में 4,219, जुलाई में 3,612, अगस्त में 3,156 और सितंबर में 3,886 चालान किए गए।
अक्तूबर के आंकड़ों में एचएसआरपी नहीं लगाने वाले वाहनों के 3,822 चालान दर्ज किए गए, जबकि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के 2,116 चालान हुए। मई में दोनों श्रेणियों के चालान लगभग बराबर रहे। इस महीने बिना नंबर प्लेट के 3,039 और एचएसआरपी नहीं लगाने के 3,088 चालान किए गए। आंकड़े बताते हैं कि जनवरी से अक्तूबर के बीच दोनों श्रेणियों में लगातार चालान दर्ज होते रहे। कुल कार्रवाई में एचएसआरपी से जुड़े चालान की संख्या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के चालान से 4,682 अधिक रही।
वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ बिना नंबर प्लेट और एचएसआरपी के वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
- अनोज कुमार, यातायात थाना प्रभारी