व्हाट्सएप पर संपर्क कर ग्रुप में जोड़कर दिया गया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर युवती से 3.53 लाख रुपये ठग लिए गए। युवती का कहना है कि व्हाट्सएप पर संपर्क कर उसे ग्रुप में जोड़कर एप डाउनलोड कराया गया। फिर ट्रेडिंग कराने लगे और निवेश के बहाने रुपये ठग लिए गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
ठगी की ये शिकायत पुलिस को देने वाली युवती सेक्टर-37 एरिया की रहने वाली है। युवती का कहना है कि उन्हें व्हाट्सएप से संपर्क कर ग्रुप में जोड़ दिया गया। फिर उन्हें शेयर मार्केट में निवेश पर मुनाफा दिलाने का दावा किया गया। बाद में मोबाइल में बल्क एंजल प्रो एप डाउनलोड कराया गया। व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन वहां पर शेयर व आईपीओ की ट्रेड की लीड देते थे। ये कुल 7 एडमिन थे। बाद में एप पर निवेश करने को कहने लगे। 3 लाख 53 हजार रुपये निवेश करने के बाद युवती को समझ आया कि ये एप फर्जी है और सेबी से रजिस्टर्ड नहीं है। युवती ने तुरंत रिफंड का प्रयास किया लेकिन आरोपी बहाने से और रुपये ट्रांसफर करने को कहने लगे। लेकिन युवती ने आगे रुपये देने से इंकार कर दिया और शिकायत पुलिस को दी। जिस पर अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।