फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद स्थित आईटीआई संस्थान में सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के निर्देश पर आयोजित मेले में शहर के औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों ने युवाओं को रोजगार और शिक्षुता के अवसर उपलब्ध कराए।
मेले में कुल 410 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से कंपनियों ने साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 173 विद्यार्थियों को शॉर्टलिस्ट किया, जबकि 34 विद्यार्थियों को मौके पर ही रोजगार मिल गया। मेले में जेसीबी इंडिया लिमिटेड, जेबीएम ग्रुप, कॉसमॉस पंप्स, इंपीरियल ऑटो, बीसीएच इलेक्ट्रिक, जिंदल रेक्टिफायर, वर्लपूल इंडिया समेत कई कंपनियों ने हिस्सा लिया। रोजगार मेले में आईटीआई पास युवाओं को उनकी तकनीकी योग्यता और कौशल के आधार पर विभिन्न पदों के लिए अवसर दिए गए। विभाग के अधिकारियों और आईटीआई के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि ऐसे मेलों का आयोजन आगे भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक आईटीआई पास युवक-युवतियों को रोजगार एवं शिक्षुता से जोड़ा जा सके। संवाद