बॉटम बॉक्स-पेज-2
सूरजकुंड मेला : इलाहाबाद में गंगा-यमुना संगम के दर्शन करेंगे दर्शक
- संगम के तट पर लगने वाले कुंभ के दौरान अखाड़ों के शाही स्नान, गंगा आरती, कल्पवास का दिखेगा नजारा
- थीम स्टेट उत्तर प्रदेश व हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने किया मेला परिसर का अवलोकन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला-2018 में इस बार दर्शक इलाहाबाद में गंगा-यमुना के संगम पर लगने वाले अर्ध कुंभ मेले के दर्शन कर सकेंगे। संगम के तट पर लगने वाले कुंभ के दौरान अखाड़ों के शाही स्नान, गंगा आरती, कल्पवास का नजारा मेला परिसर में तैयार किया जाएगा। सूरजकुंड मेले को लेकर रविवार को थीम स्टेट उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर का अवलोकन कर तैयारियों का जायजा लिया।
इलाहाबाद में 2019 में अर्ध कुंभ मेला लगना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि कुंभ में अधिक से अधिक पर्यटक पहुंचें, इसके लिए हमने सूरजकुंड में अर्धकुंभ को शोकेस करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा बनारस के घाट, आगरा का ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, बुद्धा सर्किट सहित उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों की झलक मेले में देखने को मिलेगी।
अपना घर में बनेगी बनारस की साड़ी
थीम स्टेट उत्तर प्रदेश के अपना घर में बनारस के आसपास के गांवों में बसे बनारसी साड़ी के कारीगरों का परिवार ठहरेगा। अवनीश अवस्थी ने बताया कि प्रयास रहेगा कि अपना घर में बनारसी साड़ी को हथकरघे पर बनाकर दिखाया जाए और उसके बनने के बारे में लोगों को बताया जाए। बनारस की साड़ियां विश्व प्रसिद्ध हैं। ऐसे में लोगों में उत्सुकता रहती है कि वे कैसे बनकर तैयार होती हैं।
मेले में थीम स्टेट से करीब 150 हस्तशिलपी करेंगे शिरकत
अब तक मेले में बनने वाले थीम स्टेट को सूरजकुंड मेला प्राधिकरण 75 शिल्पकारों को स्थान उपलब्ध करवाता था। मगर उत्तर प्रदेश एक बड़ा राज्य होने के साथ हस्त शिल्प में काफी समृद्ध प्रदेश है। ऐसे में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के अनुरोध पर मेला प्राधिकरण ने उन्हें 150 हस्तशिल्पियों के लिए स्थान उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी के अनुसार, उनके पास अब तक करीब सौ हस्तशिल्पियों के आवेदन आ चुके हैं और अभी मेला शुरू होने में करीब दो माह हैं।
टिकट दामों में नहीं होगी बढ़ोतरी
हरियाणा पर्यटन विभाग के अतिरिक्त सचिव विजयवर्द्धन ने बताया कि इस बार सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। वर्ष 2017 में मेले की टिकट दर सोमवार से शुक्रवार तक 100 रुपये और सप्ताह अंत (शनिवार व रविवार) को 150 रुपये रखा गया था।