32 स्कूलों में 2000 वर्ग फीट से भी कम जगह में है मैदान
163 प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की रिपोर्ट में हुआ खुलासा
378 स्कूल हैं जिले में
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। जिले के राजकीय स्कूलों में खेल प्रतिभाओं को निखारने की राह में बुनियादी सुविधाओं की कमी बाधा बन रही है। जिले के 30 प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में मैदान नहीं हैं। वहीं, 32 स्कूलों में मैदान के नाम पर इतनी कम जगह है कि विद्यार्थियों के लिए नियमित खेल प्रशिक्षण लेना मुश्किल है। जिले के 163 प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में खेल सुविधाओं पर आई रिपोर्ट में यह जानकारियां सामने आई हैं।
जिले में कुल 378 राजकीय विद्यालय हैं। इनमें करीब 250 प्राथमिक और 80 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। हाल ही में जिला खेल शिक्षा अधिकारियों की ओर से 163 प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों से खेल मैदानों की स्थिति का डाटा मांगा गया था। इसमें सामने आया कि 30 स्कूलों में खेल मैदान ही नहीं हैं। वहीं, करीब 32 स्कूलों के पास 2000 वर्गफीट से भी कम जगह उपलब्ध है। इस छोटी सी जगह में विद्यार्थियों के लिए खो-खो, शॉटपुट जैसे कुछ खेलों की गतिविधियां कराना ही संभव है। क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स जैसे खेलों के नियमित अभ्यास के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है।
खेल विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी खेल में बेहतर प्रदर्शन के लिए छात्रों को नियमित अभ्यास और पर्याप्त मैदान जरूरी है। स्कूल स्तर पर ही खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। मैदानों की कमी के कारण विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे नियमित अभ्यास भी प्रभावित होता है।
विद्यार्थियों से बातचीत
हमारे स्कूल में खेल मैदान नहीं है। खेल पीरियड में भी हमें पर्याप्त जगह नहीं मिलती। अगर मैदान मिले तो हम भी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। -अंश, छात्र, अजरौंदा प्राथमिक विद्यालय
मुझे क्रिकेट और फुटबॉल खेलने का शौक है, लेकिन स्कूल में जगह कम होने के कारण अभ्यास नहीं कर पा रहा। मैदान मिले तो बेहतर तैयारी कर सकेंगे। -विक्की, छात्र, अजरौंदा प्राथमिक विद्यालय
मैं कई खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हूं लेकिन नियमित अभ्यास नहीं हो पाने के कारण पीछे रह जाती हूं। -दिव्या, छात्र, पीएमश्री विद्यालय, एनआईटी-2
छोटी जगह में सभी विद्यार्थियों के लिए खेलना मुश्किल हो जाता है। खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिलता है। स्कूल में मैदान होना जरूरी है। -मुस्कान, छात्र, पीएमश्री विद्यालय, एनआईटी-2